
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
झांसी: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर झांसी लौटी वीरांगना इमरोज का स्वागत झांसी रेलवे स्टेशन पर अभूतपूर्व ढंग से किया गया। अमेरिका में आयोजित विश्व पुलिस मुक्केबाजी प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए इमरोज ने अमेरिकी बॉक्सर को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।
अपने गृह नगर लौटने पर इमरोज भावुक हो उठीं। स्टेशन पर खेल प्रेमियों, परिजनों और जनप्रतिनिधियों ने उनका भव्य स्वागत किया। किसी ने शॉल ओढ़ाया, किसी ने पगड़ी पहनाई, तो कोई बुके और फूल मालाओं से स्वागत करता नजर आया। चारों ओर ‘भारत माता की जय’ और ‘इमरोज ज़िंदाबाद’ के नारों से माहौल गूंज उठा।
इमरोज की आंखों में छलकते खुशी के आंसू इस बात की गवाही दे रहे थे कि यह सम्मान उनके लिए कितना खास है। झांसी की इस बेटी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि रानी लक्ष्मीबाई की धरती आज भी वीरांगनाओं से खाली नहीं है।





