
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
नई दिल्ली: देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने आज रात अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपने इस्तीफे का कारण स्वास्थ्य समस्याओं और डॉक्टरों की सलाह का पालन करने की आवश्यकता को बताया है।
धनखड़ ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भेजे गए पत्र में लिखा, “स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और चिकित्सकीय सलाह मानने के लिए, मैं संविधान के अनुच्छेद 67(क) के तहत भारत के उपराष्ट्रपति पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे रहा हूं।”
अपने पत्र में उन्होंने प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रिमंडल को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्हें उनके कार्यकाल के दौरान पूरा सहयोग मिला।
गौरतलब है कि जगदीप धनखड़ अगस्त 2022 में भारत के 14वें उपराष्ट्रपति बने थे। उनका कार्यकाल 2027 तक था, लेकिन उन्होंने कार्यकाल से पहले ही पद छोड़ने का फैसला लिया।
उनके इस कदम ने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है, हालांकि आधिकारिक तौर पर यह निर्णय पूरी तरह से स्वास्थ्य कारणों से लिया गया बताया जा रहा है।





