
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन म्यूल स्ट्राइक’ के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 म्यूल अकाउंट धारकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एसीपी साइबर क्राइम/सारनाथ के अनुसार, साइबर सेल और चार थाना क्षेत्रों की संयुक्त जांच में ऐसे बैंक खातों की पहचान की गई, जिनका इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त रकम के लेन-देन के लिए किया जा रहा था। जांच के दौरान सामने आया कि इन खातों से जुड़े मामलों को लेकर राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग (एनसीआरपी) पोर्टल पर कुल 51 शिकायतें दर्ज हैं। इन शिकायतों की पड़ताल में 2.42 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी का लेन-देन उजागर हुआ है।
पुलिस का मानना है कि म्यूल अकाउंट साइबर अपराधियों के लिए ठगी की रकम को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का प्रमुख माध्यम बनते हैं। कार्रवाई के साथ पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, यूपीआई, ओटीपी और इंटरनेट बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें। साथ ही किसी लालच, झांसे या अनजान व्यक्ति के कहने पर अपना बैंक खाता उपयोग के लिए न दें, क्योंकि ऐसा करना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है। वाराणसी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराधियों और उनके सहयोगियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




