
Lucknow: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने बुधवार को महिलाओं और बेटियों को केंद्र में रखते हुए कई बड़े चुनावी वादे किए। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव ने ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ के तहत प्रदेश की हर महिला को सालाना 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार बनने पर इस राशि को भविष्य में और बढ़ाया जा सकता है।
डिंपल यादव ने महिलाओं को पार्टी की राजनीति के केंद्र में बताते हुए कहा कि पीडीए में ‘ए’ का अर्थ ‘आधी आबादी’ भी है। उन्होंने महिलाओं से सामाजिक बंदिशों और पुराने रीति-रिवाजों तक सीमित न रहने तथा अपने सपनों को पूरा करने के लिए आगे बढ़ने की अपील की।
12वीं पास बेटियों को लैपटॉप देने का ऐलान
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर 12वीं पास करने वाली बेटियों को लैपटॉप दिए जाएंगे। उन्होंने अपनी पिछली सरकार में बांटे गए लैपटॉप का जिक्र करते हुए कहा कि तकनीक और शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसी योजनाएं फिर शुरू की जाएंगी।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग तकनीक को नहीं समझते, वे भी अब टैबलेट बांटने की बात कर रहे हैं।
छात्राओं के लिए परिवहन सुविधा का वादा
सपा अध्यक्ष ने महिलाओं और छात्राओं के लिए बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि छात्राओं को कार्ड के माध्यम से मेट्रो में मुफ्त यात्रा जैसी सुविधाएं देने पर काम किया जाएगा। उनका कहना था कि महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन की व्यवस्था मिलनी चाहिए, ताकि वे शिक्षा और रोजगार के लिए स्वतंत्र रूप से आगे बढ़ सकें।
26 हजार बंद प्राथमिक स्कूल फिर खोलने का दावा
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बंद किए गए करीब 26 हजार प्राथमिक स्कूलों को फिर से शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति सुधारने और बच्चों की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का भी वादा किया गया।
उन्होंने छात्र-छात्राओं के लिए साइकिल योजना दोबारा शुरू करने की बात भी कही। सपा अध्यक्ष ने कहा कि उनकी सरकार में पहले की तरह विद्यार्थियों को साइकिल उपलब्ध कराई जाएगी।
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भाजपा पर निशाना
अखिलेश यादव ने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने समाजवादी सरकार के दौरान शुरू की गई 1090 महिला हेल्पलाइन और 102 एंबुलेंस सेवा का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में उनकी सरकार ने ठोस काम किया था।
उन्होंने महिला आरक्षण कानून का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जब कानून पारित हो चुका है तो उसके क्रियान्वयन में देरी क्यों की जा रही है। उन्होंने आगामी चुनाव में ही महिला आरक्षण लागू किए जाने की मांग की।
बुजुर्ग महिलाओं की मुफ्त बस यात्रा योजना पर तंज
अखिलेश यादव ने यूपी सरकार की बुजुर्ग महिलाओं के लिए घोषित ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की योजनाओं और सरकार की घोषणाओं के बीच समानताएं दिखाई दे रही हैं। उन्होंने कार्यक्रम में कहा कि उनकी पार्टी की योजना संबंधी जानकारी कथित तौर पर पहले ही सरकार तक पहुंच जाती है।
‘इज्जतघर’ और महिलाओं की पसंद की आजादी पर जोर
सपा अध्यक्ष ने महिलाओं के लिए बेहतर सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण की बात कही। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक शौचालयों को सम्मानजनक नाम ‘इज्जतघर’ दिया जाना चाहिए।
उन्होंने महिलाओं के पहनावे को लेकर होने वाली राजनीति पर भी सवाल उठाया। अखिलेश यादव ने कहा कि महिलाओं को यह तय करने की स्वतंत्रता होनी चाहिए कि वे क्या पहनें और किस तरह अपना जीवन जिएं।
अखिलेश यादव ने कहा कि देश और प्रदेश का विकास आधी आबादी की भागीदारी के बिना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए काम करेगी। कार्यक्रम में घोषित योजनाओं से साफ संकेत मिला कि महिला कल्याण और आधी आबादी से जुड़े मुद्दे सपा के 2027 विधानसभा चुनाव अभियान में प्रमुख मुद्दे रहेंगे।





