
-अंकित बालियान हत्याकांड था सुनियोजित सुपारी कांड, 2 शूटर मारे गए; दो अन्य की तलाश जारी
- रिपोर्ट: ज्ञानेश वर्मा/यूपी हेड
Lucknow/Shamli: उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने शामली में हुए अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई अहम जानकारी साझा की। डीजीपी ने बताया कि संगठित अपराध के खिलाफ उत्तर प्रदेश पुलिस लगातार कड़ी कार्रवाई कर रही है। अंकित बालियान की हत्या के मामले में शामिल आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
डीजीपी के मुताबिक, पुलिस और एसटीएफ की कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों को गोली लगी। घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। मारे गए आरोपियों की पहचान मोहित और सुमित के रूप में हुई है।
पुलिस पर फायरिंग के बाद हुई मुठभेड़
राजीव कृष्णा ने बताया कि कार्रवाई के दौरान अपराधियों की ओर से की गई फायरिंग में दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। जवाबी कार्रवाई में दोनों शूटरों को गोली लगी। पुलिस ने उनके कब्जे से दो पिस्टल और अन्य सामान बरामद किया है।
डीजीपी के अनुसार, अंकित बालियान हत्याकांड को चार हथियारबंद लोगों ने अंजाम दिया था। घटना के बाद आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की 11 टीमें गठित की गई थीं। शार्प शूटरों की पहचान के साथ-साथ घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए गए और आरोपियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई।
यूपी-हरियाणा में की गई छापेमारी
डीजीपी ने बताया कि आरोपियों की तलाश में उत्तर प्रदेश और हरियाणा में लगातार छापेमारी की गई। जांच के दौरान आरोपियों द्वारा अंकित बालियान की रेकी किए जाने के साक्ष्य भी सामने आए हैं। पुलिस ने आरोपियों के ठहरने और भुगतान से जुड़े साक्ष्य भी जुटाए हैं।
उन्होंने कहा कि यह कोई अचानक हुई घटना नहीं थी, बल्कि सुनियोजित तरीके से हत्या की साजिश रची गई थी। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर बाकी आरोपियों और पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
गोगी गैंग से जुड़े तार, विदेश में बैठे आरोपियों पर भी नजर
डीजीपी ने बताया कि इस पूरे मामले में आरोपियों के तार गोगी गैंग से जुड़े पाए गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक गाने और उससे संबंधित पोस्ट की भी जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि सोशल मीडिया पर गैंग से जुड़ी गतिविधियों ने हत्याकांड की पृष्ठभूमि में भूमिका निभाई हो सकती है।
उन्होंने कहा कि गोगी गैंग की कमान अब दूसरे लोगों द्वारा संभाले जाने की जानकारी सामने आई है। शाहपुरिया नाम के एक व्यक्ति का भी जिक्र जांच में आया है, जिसके कनाडा में होने की जानकारी पुलिस को मिली है। विदेश में बैठकर साजिश रचने वाले अपराधियों को लेकर भी भ्रम में रहने की जरूरत नहीं है। ऐसे लोगों के खिलाफ भी कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।
दो और शूटरों की तलाश जारी
डीजीपी राजीव कृष्णा ने कहा कि इस हत्याकांड में दो अन्य शूटरों की तलाश की जा रही है। इसके अलावा घटना से जुड़े अन्य लोगों, साजिश में शामिल व्यक्तियों और हथियार उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस मामले में जो भी पूरी चेन सामने आएगी, उसे कानून के दायरे में लाया जाएगा। कार्रवाई में शामिल एसटीएफ और अन्य पुलिस टीमों के लिए 2 लाख रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई है।
यूपी को गैंग की शरणस्थली नहीं बनने देंगे
डीजीपी ने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश को किसी भी गैंग की शरणस्थली नहीं बनने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अपराधी अगर यह सोचते हैं कि वारदात करने के बाद छिप जाएंगे तो ऐसा बिल्कुल नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि कुछ अपराधी जेल में हैं, जबकि कुछ विदेश में बैठकर साजिश करते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी रहेगी। हाल के समय में विदेश में बैठे अपराधियों को भारत लाने की कार्रवाई भी की गई है।
डीजीपी ने इस कार्रवाई में हरियाणा और दिल्ली पुलिस के सहयोग और समन्वय की भी सराहना की।
लखनऊ हत्याकांड और सोना तस्करी पर भी बोले DGP
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डीजीपी ने लखनऊ हत्याकांड का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि मामले में हत्यारों को पकड़ा जा चुका है और घटना के पीछे शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।
सोना तस्करी के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों में इंटेलिजेंस बेस्ड ऑपरेशन चलाए जाते हैं। नेपाल बॉर्डर खुली सीमा होने के कारण वहां चेकिंग और निगरानी की जाती है। जहां भी आपराधिक नेटवर्क की जानकारी मिलती है, वहां पूरे नेटवर्क की जांच की जाती है।
जीरो टॉलरेंस नीति पर जोर
राजीव कृष्णा ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कानूनी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने दावा किया कि संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया गया है और बड़ी संख्या में अपराधियों को अदालतों से सजा दिलाई गई है।
उन्होंने पुलिसकर्मियों की सुविधाओं और कल्याण के लिए विभाग की ओर से किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान महिला कांस्टेबल की दुखद मृत्यु पर भी उन्होंने संवेदना व्यक्त की।




