
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पुलिस महानिदेशक रेलवे, उत्तर प्रदेश, लखनऊ प्रकाश डी., पुलिस महानिरीक्षक रेलवे जोन प्रयागराज एन. कोलान्ची, पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशान्त वर्मा तथा पुलिस उपाधीक्षक रेलवे वाराणसी कुँवर प्रभात सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान एवं ऑपरेशन मुस्कान के अंतर्गत दिनांक 09 जून 2026 को थाना जीआरपी जौनपुर द्वारा सराहनीय कार्य किया गया।
भ्रमण एवं चेकिंग के दौरान जौनपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-1 पर एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला संगीता विश्वकर्मा पत्नी विजय विश्वकर्मा निवासी ग्राम बिरभानपुर, पोस्ट अगरौरा, थाना बदलापुर, जनपद जौनपुर अपने दो नाबालिग बच्चों (आयु लगभग 5 वर्ष एवं 3 वर्ष) के साथ भटकती हुई मिली।महिला एवं उसके बच्चों को सुरक्षा की दृष्टि से थाना जीआरपी जौनपुर लाया गया तथा महिला हेल्प डेस्क की निगरानी में रखा गया।
तत्परता एवं संवेदनशीलता का परिचय देते हुए पुलिस टीम द्वारा दूरभाष के माध्यम से उनके परिजनों से संपर्क स्थापित किया गया।सूचना मिलने पर महिला के भाई बृजेश कुमार विश्वकर्मा पुत्र राम कुमार विश्वकर्मा निवासी ग्राम बारीगांव, थाना बरसठी, जनपद जौनपुर थाना जीआरपी जौनपुर पहुंचे। आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत महिला एवं उसके दोनों बच्चों को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
अपने परिजनों से मिलकर महिला एवं उसके बच्चों के चेहरे पर खुशी लौट आई। परिजनों ने जीआरपी जौनपुर की इस मानवीय एवं सराहनीय कार्यवाही के लिए पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए भूरि-भूरि प्रशंसा की।




