
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबन्धक उदय बोरवणकर ने संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वाराणसी मंडल के दो कर्मचारियों को ‘सेफ्टी स्टार ऑफ द मंथ’ घोषित कर सम्मानित किया। यह सम्मान 11 फरवरी 2026 को गोरखपुर स्थित महाप्रबन्धक सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया सम्मानित कर्मचारियों को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर उनके कार्य की सराहना की गई।सम्मानित कर्मचारियों में वाराणसी स्टेशन पर गाड़ी प्रबंधक (माल) के पद पर कार्यरत योगेन्द्र सिंह शामिल हैं। उन्होंने 7 दिसम्बर 2025 को ड्यूटी के दौरान प्लेटफार्म संख्या-1 पर टूटी हुई रेल पटरी देखी और तत्काल इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी। उनकी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक संभावित बड़ी रेल दुर्घटना टल गई।
दूसरे सम्मानित कर्मचारी बनारस कोचिंग डिपो में तकनीशियन पद पर कार्यरत सर्वेश तिवारी हैं। उन्होंने 4 दिसम्बर 2025 को गाड़ी संख्या 12559/60 के अनुरक्षण के दौरान यान संख्या 223648 में एयर स्प्रिंग के बैलोज में लीकेज तथा स्प्रिंग में कम दबाव पाया।
उन्होंने तुरंत अपने पर्यवेक्षक को सूचना दी, जिसके बाद संबंधित कोच को रेक से अलग कर दिया गया। उनकी सजगता से मार्ग में संभावित डिटैचमेंट और तकनीकी विफलता की आशंका समाप्त हो गई, जिससे दुर्घटना टल गई।
इन दोनों कर्मचारियों की तत्परता, सूझबूझ और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन ने उन्हें बधाई दी और संरक्षा के प्रति इसी समर्पण को आगे भी बनाए रखने का आह्वान किया।




