
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: त्रिपुरा के राज्यपाल इंद्रसेन रेड्डी नल्लू रविवार को अयोध्या पहुंचे, जहां सर्किट हाउस में उन्हें गॉड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि पर रामलला के दर्शन-पूजन किए और राम मंदिर में चल रहे निर्माण कार्य का जायज़ा भी लिया।
मीडिया से बातचीत में राज्यपाल ने कहा, “राम मंदिर का दर्शन बहुत ही अद्भुत और आत्मिक अनुभव रहा।” उन्होंने बताया कि वे करीब एक साल बाद अयोध्या आए हैं और इस बार का अनुभव पहले से बिल्कुल अलग है। उन्होंने कहा, “इस बार परिवार के साथ दर्शन करने आया हूं, पिछली बार अकेला आया था। अब अयोध्या पूरी तरह से बदल चुकी है।”

राज्यपाल ने बताया कि राम मंदिर निर्माण के बाद श्रद्धालुओं की भारी भीड़ अयोध्या में उमड़ रही है, जो पूरे देश में श्रीराम के प्रति श्रद्धा को दर्शाता है। उन्होंने मंदिर में लगी स्वर्ण मंडित नक्काशी की भी प्रशंसा की और कहा कि यह बेहद मनोहारी है।
इंद्रसेन रेड्डी ने यह भी कहा कि प्रभु श्रीराम के आशीर्वाद से देश तेजी से प्रगति की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने आशा जताई कि जब मंदिर का निर्माण पूरी तरह पूरा हो जाएगा, तब इसकी अलौकिक छवि सम्पूर्ण राष्ट्र को प्रेरणा देगी।





