
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस: रोडवेज संविदचालक परिचालकों ने बुधवार को अपनी सात सूत्रीय मांगों को लेकर बड़ा कदम उठाते हुए पूर्ण हड़ताल कर दी। इस हड़ताल के चलते जिले में बसों का संचालन पूरी तरह से ठप रहा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
संविदा कर्मियों ने हाथरस रोडवेज परिसर में जोरदार धरना-प्रदर्शन करते हुए अलीगढ़ रीजनल मैनेजर (आरएम) पर मनमानी और शोषण का आरोप लगाया।
धरने पर बैठे कर्मचारियों ने बताया कि—
1000 किलोमीटर चलने पर चार दिन के बजाय केवल तीन दिन की उपस्थिति दर्ज की जा रही है।
प्रयागराज में दी गई 10 दिन की ड्यूटी को केवल 8 दिन ही रिकॉर्ड किया गया।
लगातार तीन दिन ड्यूटी करने के बाद भी कोई विश्राम नहीं दिया जा रहा, जिससे मानसिक और शारीरिक थकान बढ़ रही है।

कर्मचारियों पर ओवरलोड कार्यभार डाला जा रहा है, जिससे उनकी सेहत और कार्यक्षमता दोनों पर विपरीत असर पड़ रहा है।
संविदा चालकों-परिचालकों का कहना है कि दो दिन पहले ही उन्होंने जिलाधिकारी को अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई न होने पर यह आंदोलन करना पड़ा।

बस संचालन बंद होने से बस स्टैंड पर सैकड़ों यात्री अपने गंतव्यों के लिए परेशान नजर आए। लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा, वहीं वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा।
हालांकि,असिस्टेंट रीजनल मैनेजर (एआरएम) ने कर्मचारियों की मांगें स्वीकार कर ली हैं, जिससे जल्द ही बस संचालन सामान्य होने की उम्मीद है।





