
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. प्रयागराज रेलवे में यात्रियों की सुरक्षा के साथ उनकी खोई हुई संपत्ति की बरामदगी को लेकर जीआरपी प्रयागराज ने तत्परता का परिचय दिया है। ट्रेन में गायब हुए लाखों रुपये के आभूषण और कीमती सामान से भरे ट्रॉली बैग को जीआरपी पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर बरामद कर यात्री को सकुशल सुपुर्द कर दिया। बैग में शादी के लिए खरीदे गए कीमती आभूषण, कपड़े और अन्य सामान रखे हुए थे। अपना कीमती सामान वापस मिलने पर यात्री ने राहत की सांस ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर 2026 को प्रयागराज निवासी प्रदीप कुमार वर्मा पुत्र सिद्धनाथ वर्मा, निवासी अलका बिहार, बमरौली ने थाना जीआरपी प्रयागराज पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि ट्रेन संख्या 22438 हमसफर एक्सप्रेस में उनका बड़ा ट्रॉली बैग गायब हो गया है। बैग में लाखों रुपये के आभूषण, कपड़े, नकदी और शादी के लिए खरीदा गया कीमती सामान रखा हुआ था। अचानक बैग गायब होने से यात्री काफी परेशान हो गए और उन्होंने जीआरपी प्रभारी निरीक्षक अकलेश कुमार सिंह के सामने अपनी समस्या रखी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक अकलेश कुमार सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्यूआरटी प्रभारी उपनिरीक्षक भूपेन्द्र कुमार को टीम के साथ सक्रिय किया। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज के आधार पर एक व्यक्ति की पहचान हुई, जो ट्रॉली बैग लेकर स्टेशन से गया था। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित व्यक्ति को उसके घर गढ़ीसराय से ट्रॉली बैग सहित पकड़ लिया।
पूछताछ में उस व्यक्ति ने बताया कि उसका ट्रॉली बैग भी लगभग उसी रंग और बनावट का था। दोनों बैग एक जैसे होने के कारण वह भूलवश दूसरे का बैग अपना समझकर ले गया था। उसका अपना बैग स्टेशन पर ही छूट गया था। पुलिस ने उसके बैग की भी तलाश कराई और उसे भी बरामद कर संबंधित व्यक्ति को वापस सौंप दिया। इस तरह जीआरपी की सक्रियता से दोनों यात्रियों के सामान की बरामदगी हो गई और किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ।
तीन घंटे में कार्रवाई, यात्री को लौटाई खुशियां
जीआरपी पुलिस ने काले रंग का बड़ा ट्रॉली बैग, जिसमें लाखों रुपये के आभूषण और अन्य कीमती सामान मौजूद था, सकुशल बरामद कर प्रदीप कुमार वर्मा को सुपुर्द कर दिया। शादी के लिए खरीदे गए कीमती सामान की सुरक्षित वापसी से यात्री ने राहत महसूस की।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस महानिदेशक रेलवे, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे जोन प्रयागराज और पुलिस अधीक्षक रेलवे अनुभाग प्रयागराज के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के क्रम में क्षेत्राधिकारी रेलवे प्रयागराज अरुण कुमार पाठक के पर्यवेक्षण में की गई।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस त्वरित कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अकलेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक भूपेन्द्र कुमार तथा थाना जीआरपी प्रयागराज की क्यूआरटी टीम शामिल रही।
जीआरपी की इस कार्रवाई ने साबित किया कि रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा के साथ उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई भी पुलिस की प्राथमिकता है। सीसीटीवी निगरानी और पुलिस टीम की सक्रियता से महज तीन घंटे में दोनों यात्रियों का सामान वापस मिलना सराहनीय कार्रवाई के रूप में सामने आया है।





