
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) के सामने शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बड़ागांव थाना क्षेत्र के भेलखा गांव के पूर्व प्रधान नंदलाल यादव के बेटे अनीश यादव उर्फ मोनू (30) की तेज रफ्तार एंबुलेंस की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों में गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने वाराणसी–बाबतपुर फोरलेन को करीब तीन घंटे तक जाम कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया।
सुबह टहलने निकला था अनीश, लौटते समय हुआ हादसा
अनीश का शुक्रवार की तरह रोजाना का रूटीन था कि वह सुबह जल्दी उठकर टहलने निकलता था। शुक्रवार की सुबह भी वह अपने दोस्त आकाश राठौर के साथ अपने घर से निकलकर तरना ओवरब्रिज तक टहलने गया और फिर दोनों वापस लौट रहे थे। सुबह लगभग 5 बजे जब वे BHEL के दूसरे गेट के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार एंबुलेंस आई और सीधे अनीश को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अनीश डिवाइडर से जा टकराया और सिर फट जाने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उसके साथी आकाश ने तुरंत परिवार वालों को हादसे की सूचना दी।
दो साल पहले हुई थी शादी, आठ महीने की है बेटी
अनीश के घर में मातम का माहौल है। दो साल पहले उसकी शादी निशा यादव से हुई थी। आठ महीने पहले ही उसकी बेटी नित्या का जन्म हुआ था। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। मृतक की पत्नी, माँ और परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
फुटपाथ पर अवैध दुकानों को हादसे की वजह बताया
स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के पीछे एक बड़ी वजह फोरलेन किनारे फुटपाथ पर लगा अवैध कब्जा है। सुबह के समय चादर, मूंगफली, और छोटी दुकानों की भीड़ के कारण सड़क संकरी हो जाती है, जिससे तेज रफ्तार गाड़ियों को निकलने में खतरा बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन फोरलेन पर लगी इन अवैध दुकानों पर कार्रवाई करे, ताकि आगे ऐसे हादसे न हों।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। तीन घंटे बाद पुलिस ने समझाकर जाम खुलवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अनीश के परिवार ने अज्ञात एंबुलेंस चालक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।
मृतक दो भाइयों में सबसे बड़ा था भाई
मृतक अनीश यादव दो भाई है मनीष सबसे छोटा भाई है।
मृतक के पिता को पूर्व में मिल चुका है राष्ट्रपति पुरस्कार
मृतक अनीश यादव के पिता पूर्व प्रधान भेलखा थाना बड़ागांव को सामाजिक कार्य और अपनी ईमानदारी के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।


