
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। जौनपुर चंदवक थाना क्षेत्र वाराणसी–आजमगढ़ मार्ग पर शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना मूर्खा गांव के पास हुई, जब तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, ट्रेलर आजमगढ़ की ओर जा रहा था, जबकि बाइक सवार युवक वाराणसी की दिशा में आ रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और वह दो हिस्सों में बंट गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बजरंग नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से ट्रेलर को कनौरा ग्राम सभा के पास कब्जे में ले लिया। हालांकि, ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और पुलिस सड़क हादसों में सुरक्षा के लिए सतर्क रहने की अपील कर रही है।





