
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, बेलगाम महंगाई और नीट पेपर लीक के खिलाफ समाजवादी पार्टी महानगर कमेटी ने मंगलवार को जोरदार विरोध जताया। पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडे ‘पवन’ और निवर्तमान महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव के नेतृत्व में सपाइयों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
‘छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं’
प्रवक्ता राकेश यादव एडवोकेट ने बताया कि ज्ञापन में प्रदेश के लाखों मेधावी छात्रों के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ का मुद्दा उठाया गया है। नीट परीक्षा में धांधली और पेपर लीक की घटनाओं ने परीक्षा प्रणाली की शुचिता खत्म कर दी है। सरकार दोषियों पर कार्रवाई करने और छात्रों को न्याय दिलाने में पूरी तरह विफल रही है।
‘स्मार्ट मीटर के नाम पर खुली लूट’
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि बिजली के स्मार्ट मीटर के नाम पर आम उपभोक्ताओं की जेब काटी जा रही है। मीटर की तेज रफ्तार और भारी-भरकम बिलों ने मध्यम व गरीब वर्ग की कमर तोड़ दी है। यह जनता के साथ सीधी लूट है।
‘रसोई से गायब हुआ सिलेंडर, दाल-तेल भी पहुंच से बाहर’
गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी से आम जनता का बजट बिगड़ गया है। गरीब गैस भरवाने में असमर्थ है, इसलिए सिलेंडर रसोई के कोनों में धूल फांक रहे हैं। दूध, दाल, तेल समेत जरूरी वस्तुओं की कीमतें आसमान छू रही हैं। कमरतोड़ महंगाई से गरीब परिवार के सामने दो वक्त की रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
‘2027 में बनाएंगे अखिलेश की सरकार’
सपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था और रोजगार के मोर्चे पर योगी सरकार पूरी तरह फेल है। इस मौके पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने 2027 में भाजपा सरकार को हटाकर अयोध्या की पांचों विधानसभा सीटों पर सपा प्रत्याशी जिताने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया।
ज्ञापन देने वालों में निवर्तमान महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष चौधरी श्रीचंद यादव, शावेज जाफरी, राकेश यादव, संजय सिंह, रियाज अहमद, सूरज वर्मा, आरौनी पासवान, जेपी यादव, दान बहादुर सिंह, जगन्नाथ यादव, शक्ति जायसवाल, वीरेंद्र गौतम, अंसार अहमद, अनिल यादव, शिवांशु तिवारी, अपर्णा जायसवाल, गुड़िया राठौर, सीमा यादव, सीमा पासी, शिवबरन यादव पप्पू, तरजीत गौड़, गोपीनाथ वर्मा, अमृत राजपाल, बृजेश चौहान, विजय यादव, जगदीश यादव, आशीष वर्मा, पार्षद विशाल पाल, राम भवन यादव, अर्जुन यादव, जगत नारायण यादव, सर्बजीत यादव, कृष्ण गोपाल यादव, अखिलेश पांडे, धर्मवीर, नौशाद मामा, वकार अहमद, महेंद्र शुक्ला, राम अजोर यादव, वसी हैदर गुड्डू, औरंगजेब खान, राशिद सलीम घोसी, विनोद कनौजिया, विद्याभूषण पासी, उमेश यादव, अली सईद, नूर बाबू, शिव शंकर शिवा, राजनाथ यादव, अजय यादव, ऋतुराज सिंह, सत्यम यादव, अभय त्रिवेदी, शशांक यादव, चंदन यादव, शहवाज लकी, अनस खान, इश्तियाक खान, शिवम तिवारी, जितेंद्र यादव, सतीश वर्मा, अजय मिश्रा, अनस समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहे।





