
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। चंदौली के अलीनगर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ एवं नशीली दवाओं की तस्करी के मामले में 25 हजार रुपये के इनामिया वांछित अभियुक्त दयाशंकर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 80 लीटर अवैध कोडीन कफ सिरप बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई को रिंग रोड स्थित कोरी अंडरपास के पास एक ट्रक से मुर्गी दाने की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई 720 लीटर अवैध कोडीन कफ सिरप बरामद की गई थी। इस मामले में दयाशंकर का नाम सामने आने पर उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
मुखबिर की सूचना पर अलीनगर पुलिस ने महादेवपुर रेलवे लाइन अंडरपास के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि ट्रक में प्रयागराज से कोडीन युक्त कफ सिरप लोड कर पश्चिम बंगाल भेजा जा रहा था। ट्रक पकड़े जाने के बाद कुछ माल अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिया गया था, जिसे लेने पहुंचने पर वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम की संबंधित धाराओं में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




