
- रिपोर्ट: अमित कुमार
Ayodhya: जिला अस्पताल में पिछले दो महीने से वेतन नहीं मिलने से नाराज सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू कर दी है। कर्मचारियों ने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के सामने नारेबाजी करते हुए धरना दिया। हड़ताल के चलते अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई है और जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं।
दो महीने से वेतन नहीं मिलने का आरोप
सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें सितंबर महीने से पिछले दो महीने का वेतन नहीं मिला है। कर्मचारियों के मुताबिक, उनका मासिक वेतन महज 7,200 रुपये है और इसमें से भी कटौती की जाती है। वेतन नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

8-9 महीने से PF नहीं कटने का दावा
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि पिछले आठ से नौ महीने से उनके वेतन से भविष्य निधि (PF) की कटौती नहीं की जा रही है। उन्होंने मांग की कि पीएफ से संबंधित स्थिति स्पष्ट की जाए और उनका बकाया भुगतान जल्द कराया जाए।
सुपरवाइजर पर धमकी देने का आरोप
सफाई कर्मचारियों ने सुपरवाइजर तिवारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वेतन के संबंध में पूछने पर उन्हें कथित तौर पर धमकी दी गई। कर्मचारियों का दावा है कि उन्हें पिटवाने की धमकी तक दी गई। इसी नाराजगी के चलते कर्मचारी इमरजेंसी वार्ड के बाहर धरने पर बैठ गए।
बकाया वेतन मिलने तक सफाई नहीं करने का ऐलान
हड़ताल कर रहे सफाई कर्मचारियों की मांग है कि उनका बकाया वेतन तत्काल जारी किया जाए और भविष्य में हर महीने समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि मांगें पूरी होने तक वे सफाई का काम शुरू नहीं करेंगे।
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से जिला अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। परिसर में जगह-जगह कूड़ा जमा होने से मरीजों और उनके तीमारदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।




