
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. चंदौली जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सैयदराजा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने घर में चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी किया गया 42 इंच का एलईडी टीवी और इन्वर्टर बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर 2026 की रात थाना सैयदराजा क्षेत्र के ग्राम फेसुड़ा निवासी लकी चौहान पुत्र राजकुमार चौहान के घर का ताला तोड़कर अज्ञात व्यक्ति द्वारा 42 इंच की टीवी और इन्वर्टर चोरी कर लिया गया था। पीड़ित की तहरीर पर थाना सैयदराजा में मुकदमा अपराध संख्या 338/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले के खुलासे के लिए थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना और वादी के सहयोग से पुलिस ने ग्राम दिघवट स्थित आरोपी के घर पर दबिश देकर मनोज राजभर (35 वर्ष) पुत्र राधे राजभर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की गई टीवी और इन्वर्टर बरामद हुआ।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक बालवीर सिंह यादव, कांस्टेबल शंकर राम और कांस्टेबल बृजेश चौहान शामिल रहे।





