
-चार ट्रेनों का 88-88 अतिरिक्त फेरों के साथ होगा संचालन, नवंबर-दिसंबर तक जारी रहेगी सेवा
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: रेल यात्रियों की बढ़ती भीड़ और सुविधा को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने चार महत्वपूर्ण विशेष ट्रेनों के संचालन की अवधि बढ़ा दी है। बरौनी और दरभंगा से नई दिल्ली के बीच चलने वाली इन ट्रेनों का संचालन अब 88 अतिरिक्त फेरों के साथ निर्धारित विस्तारित अवधि तक जारी रहेगा। खास बात यह है कि ट्रेनों के समय, ठहराव और मार्ग में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
रेल प्रशासन के अनुसार 02563 बरौनी–नई दिल्ली एक्सप्रेस का संचालन अब 30 नवंबर 2026 तक 88 अतिरिक्त फेरों के लिए किया जाएगा। वहीं इसकी वापसी सेवा 02564 नई दिल्ली–बरौनी एक्सप्रेस 1 दिसंबर 2026 तक 88 अतिरिक्त फेरों के साथ चलती रहेगी।
इसी क्रम में 02569 दरभंगा–नई दिल्ली एक्सप्रेस का संचालन 30 नवंबर 2026 तक 88 अतिरिक्त फेरों के लिए बढ़ाया गया है। इसकी वापसी सेवा 02570 नई दिल्ली–दरभंगा एक्सप्रेस 1 दिसंबर 2026 तक 88 अतिरिक्त फेरों के साथ संचालित होगी।
18 कोचों के साथ दौड़ेंगी ट्रेनें
यात्रियों की सुविधा और बढ़ी हुई मांग को ध्यान में रखते हुए विस्तारित अवधि में इन ट्रेनों में कुल 18 कोच लगाए गए हैं। इनमें एक जनरेटर सह लगेज यान, एक एलएसएलआरडी, चार शयनयान श्रेणी, पांच वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी श्रेणी और सात वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के कोच शामिल हैं।
रेल प्रशासन के इस फैसले से बरौनी, दरभंगा और नई दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेनों और सीटों की सुविधा मिलेगी। खासकर त्योहारी और व्यस्त यात्रा अवधि में यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि विस्तारित अवधि में इन विशेष ट्रेनों का संचलन पूर्व निर्धारित समय, ठहराव और मार्ग के अनुसार ही किया जाएगा।




