
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। काशी विश्वनाथ मंदिर जाने वाले प्रमुख मार्ग पर शनिवार को भीषण जाम लगने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को घंटों परेशानियों का सामना करना पड़ा। वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और पूरा मार्ग लंबे समय तक जाम की चपेट में रहा।
जाम की स्थिति इतनी गंभीर थी कि जलकल विभाग का वाहन भी कई घंटों तक जाम में फंसा रहा। लोगों का कहना था कि पूरे मार्ग पर यातायात को सुचारु कराने के लिए एक भी ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौके पर नजर नहीं आया, जिससे अव्यवस्था और बढ़ गई।
श्रद्धालुओं, स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों को भीषण गर्मी और जाम के कारण भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई लोग पैदल ही अपने गंतव्य की ओर जाने को मजबूर दिखे, जबकि वाहन रेंग-रेंगकर आगे बढ़ते रहे।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि काशी विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रभावी यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचा जा सके और लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।





