
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट ब्यूरो लखनऊ
लखनऊ, 24 जुलाई 2026: ऑल इण्डिया पयाम-ए-इंसानियत फोरम’ की ओर से सामाजिक सरोकार और इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए राजधानी के बलरामपुर जिला चिकित्सालय और लोकबंधु श्री राजनारायण संयुक्त चिकित्सालय में गोद लिए गए टीबी (क्षय रोग) के मरीज़ों को पौष्टिक राशन किट का वितरण किया गया। किट में मरीज़ों के स्वास्थ्य में जल्द सुधार को ध्यान में रखते हुए ख़ास ख़ुराक व खान-पान की ज़रूरी सामग्रियां शामिल रहीं। इस पूरे मानवीय अभियान में दारुल उलूम नदवतुल उलमा नदवा के छात्रों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
मुहिम का नेतृत्व कर रहे नौशाद ख़ान नदवी ने कहा कि दिलों को दिलों से जोड़ना ही ‘पयाम-ए-इंसानियत’ का मुख्य मक़सद है और आपस में एक-दूसरे की सहायता व हमदर्दी से ही समाज को बेहतर बनाया जा सकता है।कार्यक्रम के दौरान लोकबंधु अस्पताल के निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने संस्था के प्रयासों की हौसला अफ़ज़ाई करते हुए कहा कि आप लोग इसी जज़्बे के साथ लगे रहिए, मानवता का यह मिशन बहुत आगे बढ़ेगा और इंसानियत इसी तरह फलेगी-फूलेगी।

वहीं लोकबंधु अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. पीयूष कुमार ने भी फोरम के इस सेवा भाव की दिल खोलकर सराहना की।इसके साथ ही पूर्व राज्य क्षय रोग अधिकारी डॉ. आलोक रंजन ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह के सहयोग से गरीब, कमजोर और लाचार मरीज़ों को अकेलेपन का अहसास नहीं होता, इंसानियत ज़िंदा रहेगी तभी हमारा देश तरक़्क़ी कर सकता है।
इस मौक़े पर दोनों अस्पतालों के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी व स्टाफ मुख्य रूप से उपस्थित रहे, जिनमें भूतपूर्व राज्य क्षय रोग अधिकारी डॉ. आलोक रंजन, चिकित्सा अधिकारी डॉ. गिनाउर रहमान, वरिष्ठ प्रयोगशाला पर्यवेक्षक श्री राजकमल, वरिष्ठ क्षय रोग उपचार पर्यवेक्षक श्री विपिन कुमार तथा टी.बी.एच.वी. श्री प्रशांत वाजपेयी सहित नदवा के छात्र और फोरम के कार्यकर्ता शामिल रहे।




