इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मंदिर परिसर में शराब पीने का विरोध करने पर 70 वर्षीय सेवादार की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि मंदिर के चौकीदार ने गुस्से में आकर बुजुर्ग पर डंडे से लगातार कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
मंदिर की मर्यादा बनाए रखने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, 70 वर्षीय कैलाश मोदी लंबे समय से अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र स्थित एक मंदिर में सेवादार और ट्रस्टी के रूप में सेवाएं दे रहे थे। मंदिर परिसर में ही मुकेश शर्मा नामक व्यक्ति चौकीदारी का काम करता था, जिसे शराब पीने की लत थी।
परिजनों का आरोप है कि मुकेश अक्सर मंदिर में शराब पीकर हंगामा करता था और कैलाश मोदी लगातार इसका विरोध करते थे। उन्होंने कई बार आरोपी को मंदिर की पवित्रता और मर्यादा बनाए रखने की समझाइश भी दी थी।
विरोध करने पर डंडे से किया हमला
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब पांच बजे आरोपी एक बार फिर नशे की हालत में मंदिर पहुंचा। जब कैलाश मोदी ने उसे शराब पीने से रोका तो विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि गुस्से में आरोपी ने पास रखा डंडा उठाकर बुजुर्ग पर लगातार हमला कर दिया। खुद को बचाने के लिए कैलाश मोदी मंदिर परिसर से निकलकर पास के गुरुद्वारे की ओर भागे, लेकिन आरोपी उनका पीछा करता रहा और उन पर हमला जारी रखा।
गंभीर चोटों के कारण बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही अन्नपूर्णा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मुकेश शर्मा को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज भी जब्त कर लिए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
परिवार में शोक, पुलिस कर रही आगे की जांच
परिजनों ने बताया कि कैलाश मोदी ने अपना पूरा जीवन मंदिर की सेवा में समर्पित कर दिया था। उनकी हत्या से परिवार गहरे सदमे में है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





