
- वाराणसी ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। चंदौली अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में चंदौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना अलीनगर पुलिस ने एक सुनियोजित कार्रवाई में अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 90 किलोग्राम अवैध गांजा, एक क्रेटा कार और एक डीसीएम मिनी ट्रक बरामद कर चार शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 22.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
उच्चाधिकारियों के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में थाना अलीनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप डीसीएम ट्रक में लादकर राजस्थान और दिल्ली ले जाई जा रही है, जबकि आगे-आगे एक क्रेटा कार पायलटिंग कर रास्ता साफ करा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने पचपेड़वा अंडरपास (रेवसा) के पास रिंग रोड पर घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक भागने लगे, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों वाहनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान क्रेटा कार (OD 33 N 6600) की डिग्गी से 22 किलोग्राम तथा डीसीएम मिनी ट्रक (HR 57 A 8858) में नीली पॉलिथीन के नीचे छिपाकर रखे गए 68 किलोग्राम गांजे के बंडल बरामद किए गए। इस प्रकार कुल 90 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे अपने वाहन मालिक के निर्देश पर ओडिशा से गांजा खरीदकर राजस्थान और दिल्ली ले जा रहे थे। पुलिस की नजरों से बचने के लिए गांजे को बंडलों में छिपाकर परिवहन किया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों में काशीराम (हनुमानगढ़, राजस्थान), मनोज कुमार (अरवल, बिहार), ज्ञानेन्द्र कुमार (रोहिणी, दिल्ली) और सुशांत कुमार दिग्गल (कंधमाल, ओडिशा) शामिल हैं। पुलिस अब इनके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
इस मामले में थाना अलीनगर में मु.अ.सं. 0439/2026 के तहत धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। चंदौली पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।





