
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। धार्मिक नगरी वाराणसी में गंगा नदी के बीच नाव पर बियर पार्टी करना एक युवक को भारी पड़ गया। मामले का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य लोगों की तलाश तेज कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, कुछ युवक गंगा नदी में नाव पर सवार होकर खुलेआम बियर पार्टी कर रहे थे।
यह पूरा घटनाक्रम वीडियो में कैद हो गया, जो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई। स्थानीय नाविकों ने इस तरह की गतिविधि पर आपत्ति जताते हुए पुलिस से शिकायत की थी। उनका कहना था कि गंगा नदी आस्था का केंद्र है और इस तरह की हरकतें धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं।पुलिस ने शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार युवक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वीडियो में नजर आ रहे अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए गंगा घाटों पर निगरानी और सख्ती बढ़ा दी गई है।




