
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। रेल परिचालन को और अधिक सुरक्षित एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसी क्रम में आज दिनांक 10 मार्च, 2026 को उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल एवं आर्मी वेलफेयर प्लेसमेंट आर्गेनाइजेशन (AWPO), लखनऊ के मध्य एक समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए गए।इस समझौते के अंतर्गत 161 पूर्व सैनिकों को प्वाइंट्समैन के पद पर संविदा के आधार पर नियुक्त किया जाएगा। इसका उद्देश्य प्वाइंट्समैन श्रेणी में उपलब्ध मानव संसाधन की कमी को दूर करना तथा रेल परिचालन को और अधिक सुरक्षित एवं प्रभावी बनाना है।
पूर्व सैनिक अपने अनुशासन, अनुभव एवं समर्पण के लिए जाने जाते हैं। उनकी नियुक्ति से न केवल रेलवे के परिचालन कार्यों में दक्षता और सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि उन्हें सेवा निवृत्ति के पश्चात पुनः रोजगार का एक सम्मानजनक अवसर भी प्राप्त होगा। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल की यह पहल पूर्व सैनिकों के पुनर्वास के साथ-साथ रेल सुरक्षा और परिचालन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।







