
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। किसी भी प्राकृतिक अथवा मानवजनित आपदा से त्वरित और प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए 11वीं एनडीआरएफ ने उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश के विभिन्न संवेदनशील जिलों में व्यापक मोबिलाइजेशन ड्रिल एवं मॉक अभ्यास आयोजित किया। उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस अभ्यास में उत्तर प्रदेश के वाराणसी, गाजीपुर, मिर्जापुर, जौनपुर, लखनऊ, गोरखपुर और प्रतापगढ़ सहित मध्य प्रदेश के विदिशा एवं भोपाल में राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और अन्य एजेंसियों के साथ समन्वित अभ्यास किया गया।
मॉक ड्रिल का उद्देश्य बाढ़ राहत कार्यों में एनडीआरएफ टीमों की प्रतिक्रिया क्षमता, तैयारी और राहत-बचाव कार्यों में तत्परता का मूल्यांकन करना था। अभ्यास के दौरान नदी में नाव डूबने, यात्री नाव पलटने, नावों की टक्कर, भूकंप, भवन ध्वस्त होने तथा केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल एवं न्यूक्लियर आपात स्थितियों जैसे विभिन्न आपदा परिदृश्यों पर राहत एवं बचाव अभियान चलाए गए। इस दौरान जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस, जल पुलिस, अग्निशमन विभाग और स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया।

अभ्यास में एनडीआरएफ की फ्लड वाटर रेस्क्यू, कॉलैप्स्ड स्ट्रक्चर सर्च एंड रेस्क्यू तथा सीबीआरएन प्रतिक्रिया टीमों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सूचना मिलते ही टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया, जहां पहुंचकर उन्होंने ऑपरेशन बेस स्थापित करते हुए आधुनिक उपकरणों एवं तकनीकों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान संचालित किया। गंभीर रूप से घायल लोगों को सुरक्षित निकालकर प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया।पूरे मॉक अभ्यास के दौरान इंसिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया गया।
अभ्यास के बाद पुलिस, जल पुलिस, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित एजेंसियों ने संयुक्त समीक्षा बैठक कर भविष्य में आपदा प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा की।
उप महानिरीक्षक श्री मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि इस मोबिलाइजेशन ड्रिल में एनडीआरएफ की 12 टीमों को तैनात किया गया था। उन्होंने कहा कि जोखिम न्यूनीकरण और त्वरित राहत-बचाव एनडीआरएफ की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा बल अत्याधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षित टीमों के साथ किसी भी प्रकार की आपदा से निपटने में पूरी तरह सक्षम है।





