
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। सावन माह में झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में लगने वाले विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए 05028/05027 बढ़नी–देवघर–बढ़नी (वाया कप्तानगंज) अनारक्षित श्रावणी मेला विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, यह विशेष ट्रेन बढ़नी से 29 जुलाई से 29 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन तथा देवघर से 29 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन संचालित होगी। इस दौरान ट्रेन के कुल 33 फेरे लगाए जाएंगे, जिससे पूर्वांचल, बिहार और झारखंड के हजारों श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी।
05028 बढ़नी–देवघर विशेष ट्रेन प्रतिदिन 15:20 बजे बढ़नी से रवाना होकर शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर, आनंदनगर, गोरखपुर, कप्तानगंज, रामकोला, पड़रौना, तमकुही रोड, थावे, गोपालगंज, मशरख, मढ़ौरा, दिघवारा, सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय, मुंगेर, सुल्तानगंज, भागलपुर, बरहट और बांका होते हुए अगले दिन 13:00 बजे देवघर पहुंचेगी।
वापसी में 05027 देवघर–बढ़नी विशेष ट्रेन प्रतिदिन 18:45 बजे देवघर से प्रस्थान कर बांका, बरहट, भागलपुर, सुल्तानगंज, मुंगेर, बेगूसराय, बरौनी, हाजीपुर, सोनपुर, मशरख, गोपालगंज, थावे, तमकुही रोड, पड़रौना, रामकोला, कप्तानगंज, गोरखपुर, आनंदनगर, सिद्धार्थनगर और शोहरतगढ़ होते हुए अगले दिन 15:15 बजे बढ़नी पहुंचेगी।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि इस विशेष ट्रेन में 14 साधारण द्वितीय श्रेणी (अनारक्षित) तथा 2 एसएलआर कोच सहित कुल 16 कोच लगाए जाएंगे, ताकि श्रावणी मेले में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।




