
नोएडा: थाना सेक्टर-63 पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग, चोरी और टप्पेबाजी की घटनाओं में शामिल एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर 98 चोरी और लूटे गए मोबाइल फोन, 100 मोबाइल डिस्प्ले, 207 बैटरियां, 40 मोबाइल बॉक्स, 103 बैक पैनल, मोबाइल खोलने के उपकरण, एक अवैध चाकू और दिल्ली से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद मोबाइल और उनके पार्ट्स की कुल संख्या 300 से अधिक बताई गई है।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त 2026 को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-63 की ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो मोबाइल स्नैचर कुशल और रूपेश उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से एक लूटा हुआ मोबाइल फोन, एक अवैध चाकू और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे राह चलते लोगों से मोबाइल छीनकर अपने साथियों को बेच देते थे।
छह और आरोपी गिरफ्तार
मुख्य आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के मोबाइल खरीदने और उनके पार्ट्स निकालकर बेचने वाले छह अन्य आरोपियों—निजामुद्दीन, आरिफ, सोनू, छोट्टे, गुलफाम और हारुन—को भी गिरफ्तार कर लिया।
इनके ठिकानों से 97 मोबाइल फोन, 100 डिस्प्ले, 207 बैटरियां, 40 मोबाइल बॉक्स और 103 बैक पैनल बरामद किए गए।
ऐसे चल रहा था अवैध कारोबार
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी और स्नैचिंग के मोबाइल 1,500 से 2,000 रुपये में खरीदते थे। इसके बाद मोबाइल के अलग-अलग पार्ट्स निकालकर बाजार में बेच देते थे और उससे होने वाली कमाई को आपस में बांट लेते थे।
मुख्य आरोपी कुशल ने पूछताछ में बताया कि वह रैपिडो बाइक टैक्सी चलाता था और अपने साथी रूपेश के साथ मिलकर राह चलते लोगों को निशाना बनाकर मोबाइल फोन छीनता था।
वहीं, गिरफ्तार अन्य आरोपी खुद को जीरा बेचने और बाल खरीदने का कारोबारी बताते थे, लेकिन पुलिस जांच में सामने आया कि वे चोरी के मोबाइल और उनके पार्ट्स के अवैध कारोबार में शामिल थे।
दिल्ली से चोरी की गई थी बाइक
पुलिस के मुताबिक, बरामद मोटरसाइकिल दिल्ली के मंडावली थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी, जिसके संबंध में पहले से मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तार अधिकांश आरोपी उत्तर प्रदेश के एटा, हरदोई और शाहजहांपुर के निवासी हैं, जबकि वर्तमान में नोएडा के सेक्टर-63 और आसपास के इलाकों में रह रहे थे। आरोपियों की शैक्षिक योग्यता पांचवीं से दसवीं तक है, जबकि कुछ आरोपी अशिक्षित भी हैं।
गिरोह के नेटवर्क की जांच जारी
नोएडा पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों की पहचान और इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों एवं मोबाइल चोरी के नेटवर्क की जांच भी जारी है। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से मोबाइल स्नैचिंग और चोरी की कई वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।




