
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। गोरखपुर रेलवे सुरक्षा बल (RPF), पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा रेल संपत्ति की सुरक्षा, अवैध सामानों की रोकथाम, यात्रियों की सुरक्षा तथा “बचपन बचाओ अभियान” के तहत मानव तस्करी की रोकथाम के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 26 अप्रैल 2026 को रेलवे सुरक्षा बल गोंडा को गाड़ी संख्या-19038 में अपने परिजन से बिछड़ी हुई एक वृद्ध महिला मिली, जिन्हें सुरक्षित पोस्ट पर लाकर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।उसी दिन गाड़ी संख्या-13508 में यात्रा कर रही एक महिला को प्रसव पीड़ा होने पर रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस की महिला कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित प्रसव कराया और महिला को एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल सीवान भेजा गया।
25 अप्रैल 2026 को गाड़ी संख्या-22538 में रेलवे सुरक्षा बल स्कॉर्ट पार्टी को 10 वर्षीय एक बालक लावारिस हालत में मिला, जिसे सुरक्षित रूप से रेलवे सुरक्षा बल खलीलाबाद को सुपुर्द किया गया। बाद में आवश्यक प्रक्रिया के तहत बच्चे को चाइल्ड लाइन संतकबीर नगर को सौंपा गया।
इसी दिन रेलवे सुरक्षा बल बनारस द्वारा प्लेटफॉर्म संख्या-08 पर 17 वर्षीय एक किशोरी लावारिस हालत में मिली, जिसे पूछताछ के बाद उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। इसके अतिरिक्त 25 अप्रैल 2026 को ही गोंडा और प्रयागराज रामबाग में RPF एवं अपराध आसूचना शाखा द्वारा चलाए गए अभियान में ट्रेनों और स्टेशनों से कुल 129 बोतल अमानक पानी जब्त किया गया, जिसे संबंधित पोस्ट पर जमा कराया गया। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा यह लगातार की जा रही कार्रवाई यात्रियों की सुरक्षा, अवैध गतिविधियों की रोकथाम और मानवीय सहायता के क्षेत्र में उल्लेखनीय मानी जा रही है।




