
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष सख्ती बरती जा रही है। परिवहन आयुक्त संजय सिंह के निर्देश पर राजधानी में दो दिवसीय हेलमेट और सीट बेल्ट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य सड़क हादसों में कमी लाना और लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करना है।
अभियान के तहत हजरतगंज, इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहा, घंटाघर, महानगर और बांग्ला बाजार जैसे प्रमुख इलाकों में ट्रैफिक पुलिस ने जांच की। सुबह से ही अभियान जारी रहा और अब तक लगभग 50 से 60 लोगों के चालान काटे जा चुके हैं।
चेकिंग के दौरान उन लोगों को चेतावनी दी गई जो बिना हेलमेट या सीट बेल्ट के वाहन चला रहे थे। अधिकारियों ने मौके पर लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि सुरक्षा के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट जरूरी हैं।
परिवहन आयुक्त संजय सिंह ने भी खुद मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और कहा,
“ट्रैफिक नियमों का पालन न केवल कानून के लिए, बल्कि आपकी ज़िंदगी की सुरक्षा के लिए जरूरी है।”
अभियान में आगे और भी सख्ती बरतने की तैयारी है। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जो लोग नियमों का उल्लंघन करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।





