
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ के गाज़ीपुर थाना क्षेत्र में सचिवालय अफसर हरीश चंद्र पांडेय की पत्नी शशि पांडेय के साथ हुई लूटपाट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज मामले में गाज़ीपुर पुलिस और पूर्वी क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
घटना सचिवालय कॉलोनी में उस समय हुई थी जब शशि पांडेय अपने घर के गेट पर थीं। तभी दो बदमाशों ने उन पर चाकू से हमला कर लूट की वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी चिरकु उर्फ कपिल ने अपने साथी मोगली उर्फ रामधीरज कश्यप के साथ मिलकर यह लूट की थी। पूछताछ में पता चला कि कपिल को शादी के लिए पैसों की ज़रूरत थी, इसलिए उसने वारदात को अंजाम दिया। हैरानी की बात यह है कि लूट की रकम से कपिल ने बाद में शादी भी कर ली।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लूट का सामान भी बरामद कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।





