
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में कानून व्यवस्था का पालन कराने वाली पुलिस खुद ही कानून तोड़ने में पीछे नहीं है। ताजा मामला हज़रतगंज थाना क्षेत्र का है, जहां एक दरोगा जी नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते नजर आए।
वायरल हुई तस्वीर में दरोगा जी बिना नंबर प्लेट की बुलेट बाइक पर सवार हैं। बाइक के आगे ‘खाकी’ लिखा हुआ है और पीछे नंबर प्लेट ही नदारद है। आम जनता को ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर भारी भरकम चालान थमाने वाले ये अधिकारी खुद ही नियमों को ताक पर रखकर रौब झाड़ते नजर आए।
मामला हज़रतगंज चौराहे का है, जहां से दरोगा जी की यह जलवेदार तस्वीर वायरल हो रही है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब कानून के रखवाले ही नियमों की अनदेखी करेंगे, तो आम जनता से क्या उम्मीद की जाए?
आलाधिकारी जहां नियमों के सख्त पालन के निर्देश देते हैं, वहीं खाकी वर्दी की आड़ में कुछ पुलिसकर्मी उन्हीं आदेशों की अनदेखी कर रहे हैं। अब देखना होगा कि इस वायरल तस्वीर पर पुलिस विभाग क्या कार्रवाई करता है।





