
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन के पावन अवसर पर प्रदेश की बहनों और बेटियों को खास तोहफा देने की घोषणा की है। सरकार ने निर्णय लिया है कि 8 से 10 अगस्त तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) और नगर विकास विभाग की बसों में महिलाएं नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा,
“हमारी सरकार ने यह तय किया है कि रक्षाबंधन के पर्व पर माताओं-बहनों को अपने घर पहुंचने और भाइयों से राखी बांधने में कोई परेशानी न हो, इसलिए तीन दिन तक मुफ्त बस सेवा की सुविधा दी जाएगी।”
इस योजना के तहत प्रदेश की सभी साधारण और सिटी बसों में महिलाओं को किराया नहीं देना होगा। यह सुविधा सभी उम्र की महिलाओं और बच्चियों के लिए उपलब्ध होगी।
योजना का उद्देश्य: महिलाओं की सुरक्षित, सुलभ और सम्मानजनक यात्रा सुनिश्चित करना और पारिवारिक त्योहारों में उन्हें सहयोग प्रदान करना।





