
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ: सिविल अस्पताल के सफाई कर्मचारी शनिवार को वेतन और बोनस न मिलने से नाराज़ होकर हड़ताल पर चले गए। कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया और सभी कामकाज बंद कर दिए।
त्योहारी सीजन में वेतन और बोनस न मिलने से सफाई कर्मचारी खासे परेशान नजर आए। प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल की डायरेक्टर से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं और जल्द वेतन व बोनस जारी करने की मांग की।

इस दौरान एक महिला सफाई कर्मचारी की तबियत अचानक बिगड़ गई। मौके पर मौजूद डॉक्टरों ने तत्काल उसका इलाज शुरू किया।

सफाई कर्मियों की हड़ताल से अस्पताल में सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई है। वार्डों और शौचालयों में गंदगी बढ़ने लगी है, जिससे मरीजों और तीमारदारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक वेतन और बोनस नहीं मिलते, तब तक कामकाज बहाल नहीं किया जाएगा।



