
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: जंसा थाना क्षेत्र के राखी नेवादा गांव में आठ गोवंशीय पशुओं से लदी पिकअप पलटने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। गोवध के लिए क्रूरतापूर्वक पशुओं को पिकअप में लादकर ले जाने के मामले में विवेचना के दौरान प्रकाश में आए दो अन्य आरोपियों को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राखी नेवादा निवासी कमलेश विश्वकर्मा (55) और बड़ागांव थाना क्षेत्र के इन्दरपुर निवासी सत्यम यादव (19) के रूप में हुई है। इस प्रकरण में एक आरोपी शाहजहां अंसारी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि दूसरा आरोपी प्रदीप पाल अभी फरार बताया जा रहा है।
नलकूप के पास झाड़ियों में बांधकर रखते थे पशु
पुलिस के अनुसार, घटना 9 अक्टूबर 2026 की है। जंसा थाना क्षेत्र के ग्राम राखी नेवादा स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास आठ गोवंशीय पशुओं से लदी पिकअप पलट गई थी। आरोप है कि पशुओं को गोवध के लिए क्रूरतापूर्वक बांधकर वाहन में लादा गया था। मामले में थाना जंसा पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 207/2026 के तहत गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/5बी/8 में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने शाहजहां अंसारी को गिरफ्तार किया था, जबकि उसका साथी प्रदीप पाल मौके से फरार हो गया था। विवेचना आगे बढ़ने पर कमलेश विश्वकर्मा और सत्यम यादव के नाम सामने आए, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गांवों से पशु एकत्र करने का आरोप
पुलिस की पूछताछ के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने आसपास के गांवों से गोवंशीय पशुओं को एकत्र करने और राखी नेवादा स्थित यादव बस्ती के पास नलकूप के निकट पेड़ों एवं झाड़ियों में बांधकर रखने की बात बताई। पुलिस का कहना है कि शाहजहां अंसारी और प्रदीप पाल को पशुओं को पिकअप से ले जाने में सहयोग किया जाता था। आरोपियों पर पशुओं को वाहन में लदवाने और घटना के दौरान आसपास के रास्तों पर निगरानी रखने में भूमिका निभाने का भी आरोप है।
एक आरोपी पहले गिरफ्तार, दूसरे की तलाश
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में पहले गिरफ्तार शाहजहां अंसारी चंदौली जनपद के मुगलसराय थाना क्षेत्र के पथरा गांव का निवासी है। वहीं, फरार आरोपी प्रदीप पाल गाजीपुर जनपद के करंडा थाना क्षेत्र के अनापुर (सरयाँ) गांव का निवासी बताया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
इन पुलिसकर्मियों ने की कार्रवाई
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली टीम में जंसा थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक सत्यजीत सिंह, उपनिरीक्षक आदित्य सेन सिंह, अजय कुमार, अंकुर कुशवाहा, श्वेतांशु पाण्डेय, अमित पाण्डेय, आयुष कुमार ओझा तथा हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार यादव शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचना जारी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।





