
-चौक पुलिस ने चेकिंग के दौरान पकड़ा, बीएनएस की विभिन्न धाराओं में दर्ज है मुकदमा
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। कमिश्नरेट के चौक थाना क्षेत्र में पत्नी के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने के प्रयास के आरोप में पुलिस ने पति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुणाकर पाण्डेय (32) पुत्र स्वर्गीय दिवाकर पाण्डेय, निवासी छोटी पियरी, थाना चौक, वाराणसी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन तथा अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण में सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध और प्रभारी निरीक्षक चौक के नेतृत्व में पुलिस क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान 23 अक्टूबर 2026 को संबंधित मुकदमे में वांछित आरोपी गुणाकर पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया गया।
पत्नी की शिकायत पर दर्ज हुआ था मुकदमा
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पत्नी ने चौक थाने में प्रार्थना पत्र देकर पति पर मारपीट करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने का प्रयास करने का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर थाना चौक में मुकदमा अपराध संख्या 0172/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 115(2) और 351(3) में अभियोग पंजीकृत किया गया था।
पुलिस ने आरोपी को 23 अक्टूबर को गिरफ्तार किया। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला, चौकी प्रभारी पियरी उपनिरीक्षक विकास कुमार मिश्रा, कांस्टेबल मनोज कुमार सिंह, मदन कुमार और प्रदीप कुमार शामिल रहे।




