
झांसी में गुरुवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कार में सवार कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अतीक के बड़े बेटे अली अहमद से मिलने जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, हादसा झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूछ थाना क्षेत्र के पास हुआ। प्रयागराज से झांसी आ रही क्रेटा कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आई यह वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे से ठीक पहले हाईवे पर अचानक एक जानवर आ गया था। उसे बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार डिवाइडर से टकरा गई। हालांकि पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर पड़ताल जारी है।
झांसी पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतकों में एक की पहचान अतीक अहमद के पुत्र अबान अहमद के रूप में हुई है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और विस्तृत जांच जारी है।
जेल में बंद भाई से मिलने जा रहा था परिवार
पुलिस के मुताबिक, कार में सवार सभी लोग प्रयागराज के रहने वाले थे और झांसी जेल में बंद अली अहमद से मुलाकात के लिए जा रहे थे। उल्लेखनीय है कि उमेश पाल हत्याकांड के बाद अबान अहमद और उसके भाई अहजाम को नाबालिग होने के कारण बाल संरक्षण गृह में रखा गया था। बाद में अक्टूबर 2023 में दोनों को उनकी बुआ की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया था।
अतीक अहमद परिवार की वर्तमान स्थिति
माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की वर्ष 2023 में पुलिस हिरासत के दौरान हत्या हो चुकी है। अतीक का बेटा असद अहमद झांसी में एसटीएफ मुठभेड़ में मारा गया था। बड़ा बेटा उमर जेल में बंद है, जबकि अली अहमद भी विभिन्न मामलों में जेल में निरुद्ध है। अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन अभी भी फरार है और उस पर इनाम घोषित है। ताजा हादसे में अबान अहमद की मौत के बाद परिवार पर एक और बड़ा संकट आ गया है।
पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





