
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. बाबतपुर एयरपोर्ट मार्ग स्थित केजे इंटरनेशनल होटल में युवक और युवती की मौत के सनसनीखेज मामले में पुलिस की शुरुआती जांच में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस के अनुसार, युवक ने पहले अपनी रिश्तेदार प्रेमिका की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की और इसके बाद खुद फांसी लगाकर जान दे दी। बंद कमरे में दोनों के शव मिलने की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतकों की पहचान मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के बीएलडब्ल्यू पहाड़ी गेट निवासी 20 वर्षीय जय विकास केसरी और बड़ागांव थाना क्षेत्र के बसनी गांव निवासी 23 वर्षीय प्रिया केसरी के रूप में हुई है। दोनों आपस में रिश्तेदार थे। बताया जा रहा है कि प्रिया, जय विकास के बड़े भाई की साली थी और दोनों के बीच करीब पांच वर्षों से प्रेम संबंध था।
*दोपहर में होटल पहुंचे थे दोनों*
जानकारी के अनुसार, सोमवार 16 नवंबर को जय विकास और प्रिया बाबतपुर स्थित केजे इंटरनेशनल होटल पहुंचे थे। युवक ने होटल में कमरा बुक कराया और दोनों अंदर चले गए। बताया जाता है कि होटल में दोनों ने खुद को पति-पत्नी बताया था। देर शाम तक कमरे से कोई हलचल नहीं होने पर होटल कर्मचारियों को शक हुआ। रात करीब 10 बजे कर्मचारियों ने खाने के संबंध में संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।
*कमरा खुला तो सामने आया खौफनाक मंजर*
सूचना पर डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान, एडीसीपी नृपेन्द्र सहित बड़ागांव पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खुलवाया गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। प्रिया का शव बाथरूम के फर्श पर खून से लथपथ पड़ा था। उसके गले पर धारदार हथियार से वार के निशान थे, जबकि जय विकास का शव कमरे में पंखे से लटका मिला।
*शादी दूसरी जगह तय होने से बढ़ा था विवाद*
पुलिस की जांच में सामने आया है कि दोनों लंबे समय से प्रेम संबंध में थे। इसी बीच प्रिया की शादी परिवार की ओर से दूसरी जगह तय कर दी गई थी। बताया जा रहा है कि इस बात को लेकर जय विकास नाराज था और दोनों के बीच विवाद हुआ था। शुरुआती जांच के मुताबिक, इसी विवाद के बाद युवक ने खौफनाक कदम उठाया। हालांकि, घटना के पीछे की पूरी परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
*फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य*
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने होटल के कमरे का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस होटल के रजिस्टर, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
एक ही कमरे में दो युवाओं की दर्दनाक मौत ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





