
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस: सोमवार सुबह हाथरस में उस वक्त हड़कंप मच गया जब जवाहर नवोदय विद्यालय के सैकड़ों छात्रों ने कासगंज रोड पर हाईवे जाम कर दिया। छात्र विद्यालय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सड़क पर बैठ गए और भूख, गंदगी और लापरवाही के खिलाफ जोरदार धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
छात्रों का कहना है कि उन्हें महीनों से खराब खाना, गंदा पानी और टूटी सुविधाएं झेलनी पड़ रही हैं। जब कई बार शिकायत की गई तो प्रशासन ने अनसुना कर दिया, जिसके बाद मजबूर होकर उन्होंने सड़कों पर उतरने का फैसला लिया।
“भोजन सड़ा हुआ मिलता है, पानी पीने लायक नहीं, शौचालयों की हालत बदतर… ये स्कूल है या सज़ा?” — छात्रों ने फूट-फूटकर सुनाई आपबीती।
घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय प्रशासन मौके पर पहुंचा और छात्रों को मनाने का प्रयास करने लगा, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अडिग हैं। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आला अधिकारी भी कैंपस में मौजूद हैं और स्थिति को नियंत्रण में लेने की कोशिशें जारी हैं।
अब सवाल उठता है — क्या शिक्षा के मंदिरों में बच्चों को ऐसा नर्क झेलना पड़ेगा?





