
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: उत्तर प्रदेश के आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने आज अयोध्या के सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सपा के 2012 से 2017 तक के शासन को ‘काला कार्यकाल’ करार देते हुए कहा कि जनता उस दौर को कभी नहीं भूल सकती, चाहे सपा कितना ही प्रचार कर ले।
मंत्री ने शराबबंदी के मुद्दे पर अपनी सरकार का रुख स्पष्ट करते हुए कहा, “जहां-जहां शराबबंदी का नियम लागू है, वहां पूर्ण शराबबंदी सुनिश्चित की जा रही है। जहां यह लागू नहीं है, वहां जनभावनाओं के खिलाफ कोई कदम नहीं उठाया जाएगा। अगर सार्वजनिक स्थानों पर शराबबंदी के नियमों का उल्लंघन करते हुए शराब की दुकानें चल रही हैं, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
नितिन अग्रवाल ने सपा पर हमला बोलते हुए कहा, “2012 से 2017 तक समाजवादी पार्टी का शासन काला कार्यकाल था। जनता उस दौर की सच्चाई को अच्छे से जानती है और उसे भूल नहीं सकती। सपा चाहे जितना जोर लगा ले, जनता उनके कुशासन को कभी माफ नहीं करेगी।”
आबकारी मंत्री के इस बयान ने अयोध्या में राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है, और माना जा रहा है कि यह बयान सपा के लिए नई चुनौतियां खड़ी कर सकता है।




