
कन्नौज। सरदार वल्लभभाई पटेल के विरुद्ध कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर कन्नौज निवासी व सामाजिक कार्यकर्ता राजीव कटियार (राष्ट्रीय युवा उपाध्यक्ष, कुर्मी क्षत्रिय सभा) ने सांसद कंगना रनौत के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने पुलिस अधीक्षक, कन्नौज को एक लिखित प्रार्थना पत्र सौंपा है।
प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से सांसद कंगना रनौत, जो वर्तमान में मनाली (जिला कुल्लू) और मुंबई के पाली हिल में निवास करती हैं, उन्होंने यह बयान दिया कि “सरदार पटेल प्रधानमंत्री इसलिए नहीं बन पाए क्योंकि उन्हें अंग्रेज़ी नहीं आती थी।” इस कथन को लेकर राजीव कटियार ने गंभीर आपत्ति जताई है।
उन्होंने अपने पत्र में कहा कि सरदार पटेल भारत के पहले गृह मंत्री व उपप्रधानमंत्री रहे और उन्हें भारत रत्न से भी सम्मानित किया गया। वे एक प्रतिष्ठित बैरिस्टर थे और उन्होंने विदेश में कानून की पढ़ाई की थी। ऐसे में यह कहना कि उन्हें अंग्रेज़ी नहीं आती थी, सरासर ऐतिहासिक तथ्यों का अपमान और गलत जानकारी फैलाना है।
राजीव कटियार का कहना है कि कंगना रनौत का यह बयान न केवल सरदार पटेल जैसे राष्ट्रनायक का अपमान है, बल्कि यह पटेल वंशजों और पिछड़ा वर्ग समाज की भावनाओं को भी आहत करता है। साथ ही, इस प्रकार के बयान समाज में ऊँच-नीच की भावना को बढ़ावा देने वाले हैं, जो दंडनीय अपराध की श्रेणी में आते हैं।
उन्होंने मांग की है कि कंगना रनौत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और साइबर अधिनियम की सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस पत्र की प्रतिलिपि राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग, नई दिल्ली; राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, लखनऊ; और पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश को भी भेजी गई है।
पत्र भेजने का विवरण:
पत्र भारतीय डाक के माध्यम से 22 जुलाई 2025 को भेजा गया, जिसकी ट्रैकिंग संख्या ELJ720967755IH है।





