
- रिपोर्ट: अजय सोनकर
वाराणसी। दालमंडी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत प्रशासनिक कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी की टीम ने पुलिस बल के साथ चार भवनों की विस्तृत नापी की। इस दौरान चौक से नई सड़क तक मुनादी कर लोगों को आगामी कार्रवाई की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि सत्तार मार्केट से जुड़े रजिस्ट्री के सभी औपचारिक कार्य पूरे कर लिए गए हैं और कुल 12 दुकानों को खाली करने का नोटिस जारी किया गया है।
इसके पहले नई सड़क स्थित लंगड़ा हाफिज मस्जिद के पास मुख्तार खान और अन्नान खान उर्फ पप्पू नाटे के भवनों को चिह्नित कर नापी की जा चुकी है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों के बीच सुबह से देर रात तक दालमंडी में पुलिस की मौजूदगी बनी रही। हालांकि बाजार में सामान्य दिनों की तरह खरीदारी होती रही और भीड़भाड़ पर ज्यादा असर नहीं पड़ा।
दुकानदारों और व्यापारिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि विस्थापन की स्थिति में उन्हें बेनियाबाग में पुनर्वास की सुविधा दी जाए। उनका कहना है कि प्रशासन द्वारा प्रस्तावित लोहता और मोहनसराय जैसी जगहें व्यावसायिक दृष्टि से उपयुक्त नहीं हैं, इसलिए वे इन्हें स्वीकार नहीं कर सकते।
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार दालमंडी चौड़ीकरण योजना के तहत सड़क को कुल 10 मीटर (दोनों तरफ 5-5 मीटर) तक चौड़ा किया जाएगा। प्रस्तावित संरचना में 6.4 मीटर चौड़ा फुटपाथ (3.2-3.2 मीटर दोनों ओर) और 1 मीटर की केसी ड्रेन नाली (आधा-आधा मीटर दोनों ओर) शामिल है। इस प्रकार कुल 17.4 मीटर क्षेत्र में विकास कार्य किया जाएगा। फुटपाथ के नीचे बिजली, पानी और अन्य जनसुविधाओं की लाइनों को भूमिगत करने की योजना है ताकि भविष्य में व्यवधान रहित यातायात सुनिश्चित किया जा सके।


