
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। चंदौली जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने पीडीडीयू नगर तहसील के एकौनी गांव में संचालित गौशाला और बायोगैस प्लांट का निरीक्षण किया, जहां किसान चन्द्र प्रकाश द्वारा लगभग 200 गायों के साथ सफल संचालन किया जा रहा है। इस गौशाला में स्थापित बायोगैस प्लांट के माध्यम से 120 से अधिक घरों को पाइपलाइन द्वारा सस्ती गैस की आपूर्ति की जा रही है। करीब 350 घन मीटर क्षमता वाले इस प्लांट से ग्रामीणों को मात्र ₹500 प्रतिमाह में गैस उपलब्ध हो रही है, जो पारंपरिक रसोई गैस से काफी सस्ती है।
जिलाधिकारी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे आत्मनिर्भरता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस मॉडल को अन्य गांवों में भी लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे जहां एक ओर स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा, वहीं किसानों को जैविक खाद भी मिलेगी, जिससे भूमि की उर्वरता बढ़ेगी। इस परियोजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित हो रहे हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।




