
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड की घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपना अलीगढ़ दौरा बीच में छोड़कर तत्काल लखनऊ के लिए रवाना हो गए। अलीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और मामले की उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि “उनकी हार्दिक इच्छा थी कि वह आज अलीगढ़ में ही रुकें, लेकिन अभी-अभी उन्हें लखनऊ में हुई दुखद अग्निकांड की सूचना मिली है, जिसमें कुछ बच्चों की मौत हो गई है। इस दर्दनाक घटना के बाद उन्हें तत्काल राजधानी लौटना पड़ रहा है।”
उन्होंने कहा, “जिन बच्चों ने इस हादसे में अपनी जान गंवाई है, उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। यह बेहद दुखद और पीड़ादायक घटना है।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने पूरे मामले की विस्तृत जांच के लिए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और अपर मुख्य सचिव गृह को घटनास्थल पर पहुंचकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही वह स्वयं भी मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेंगे।
सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि इस घटना की तह तक जाकर जिम्मेदार लोगों की पहचान की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।





