
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। लखनऊ उत्तर प्रदेश विधान परिषद में सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल के अभिभाषण पर अपने विचार व्यक्त किए।इस दौरान जवाब सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर बड़ा हमला बोला। सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी राष्ट्रगीत वंदे मातरम का विरोध करवा रही है,उनके सांसद और विधायक खुलकर कह रहे हैं कि हम राष्ट्रगीत नहीं गाएंगे। सीएम ने कहा कि भारत में रहते हैं और संवैधानिक प्रतीकों का विरोध करते हैं ऐसा नहीं चलेगा।
सपा के लोग गाजी मेले का समर्थन करते हैं
सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग गाजी मेले का समर्थन करते हैं और वंदे मातरम का विरोध करते हैं। सीएम ने कहा कि हिंदुस्तान में रहोगे और भारत का राष्ट्रगीत गाने में दिक़्क़त होती है हमारे विरोधियों को,ये संविधान का और बाबा साहेब का अपमान है। सीएम ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग गाजी का समर्थन करते हैं,मुझे आनंद है कि आज बहराइच में महाराज सुहेलदेव का भव्य स्मारक बना है,महाराजा सुहेलदेव के नाम पर हमने विश्वविद्यालय बनाया है।बता दें कि महाराजा सुहेलदेव ने गाजी के भांजे को मारा था।
गुलामी की मानसिकता से मुक्ति का मार्ग प्रशस्त किया
सीएम योगी ने कहा कि सपाई राम मंदिर और काशी विश्वनाथ का विरोध करते हैं,कृष्ण जन्माष्टमी और कांवड़ यात्रा का विरोध करते हैं।समाजवादी पार्टी ने अयोध्या में कारसेवकों पर गोलियां चलवाई,कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में भगवान राम को काल्पनिक बताया। सीएम ने कहा कि हमारे आस्था के केंद्र राष्ट्र की चेतना के केंद्र हैं,हमने गुलामी की मानसिकता से मुक्ति का मार्ग प्रशस्त किया, पीएम मोदी जी ने आज़ादी के अमृत महोत्सव के तहत विकसित भारत का आह्वान किया है,हमने सभी तीर्थों के विकास का कार्य किया है,आज उत्सव प्रदेश की पहचान दीपोत्सव, देव दीपावली और रंगोत्सव से है।
8 साल में हमने जीडीपी 23 करोड़ कर दी
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के पंच प्रण से हम प्रेरणा लेते हैं। 2017 तक यूपी की सिर्फ 13 लाख करोड़ GSDP थी, 70 वर्षों में सिर्फ 13 लाख करोड़ थी। सीएम ने कहा कि 2017 के बाद केवल 8 वर्ष के अंदर हमने 23 लाख करोड़ की GSDP जोड़ी है,देश की GDP में हमारा योगदान घटते-घटते 8 फीसदी हो गया था,देश की GDP में यूपी के योगदान को 9 फीसदी वापस किया, CD रेश्यो 45 फीसदी से बढ़ाकर 63 फीसदी किया है।आज यूपी रेवन्यू सरप्लस स्टेट है। सीएम ने कहा कि महारानी अहिल्या बाई होलकर की प्रतिमा लगाई काशी विश्वनाथ धाम में,पिछले 8 साल में 3 लाख 6 हजार करोड़ से अधिक गन्ना मूल्य भुगतान किया है, यूपी में 122 चीनी मिलों को चलाया जा रहा है,पिछली सरकारों के कुल भुगतान से 60 हजार करोड़ से अधिक है।
ओडीओपी के माध्यम से उत्पादकों को बाजार से जोड़ा
सीएम योगी ने कहा आज ओडीओपी के माध्यम से उत्पादकों को बाजार से जोड़ा। 96 लाख एमएसएमई यूनिट में 96 लाख युवाओं के लिए रोजगार का रास्ता खुला। सीएम ने कहा कि जो सरकार अपने हस्तशिल्पियों का सम्मान नहीं करती, उसका सपा जैसा हाल होगा।निवेश की पहली शर्त सुरक्षा, दूसरी सुविधा और तीसरी शर्त पालिसी बनाकर उसका क्रियान्वयन करना है।आज यूपी में तीनों हैं। डबल इंजन सरकार से स्पीड आना भी स्वाभाविक है। पहले मात्र 14 हजार कारखाने थे। 2017 के बाद से इनकी संख्या 31 हजार पार कर गई है।
मेडिकल इन्फॉस्ट्रक्चर के अंदर हमें बड़ी सफलता हासिल हुई है
सीएम योगी ने कहा कि मेडिकल इन्फॉस्ट्रक्चर के अंदर हमें बड़ी सफलता हासिल हुई है।आज वन डिस्ट्रिक्ट,वन मेडिकल कॉलेज और वन डिस्ट्रिक्ट,वन प्रोडक्ट यूपी में हैं।आज महिला सुरक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य और शिक्षा की स्थिति बेहतर है। हमने 1.75 हजार नौकरियां सिर्फ बेटियों को दी हैं। सीएम ने कहा कि पहले कहावत थी देख सपाई बिटिया घबराई।आज नाइट शिफ्ट में भी बेटियां काम कर रही हैं।




