
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर वाराणसी स्थित मां कुष्मांडा देवी मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। सुबह से ही मंदिर परिसर में लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं, जहां भक्त मां के दर्शन के लिए घंटों इंतजार कर रहे हैं। भक्त पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ पूजा-अर्चना कर मां कुष्मांडा से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं। नवरात्रि के इस विशेष दिन मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का अद्भुत माहौल देखने को मिल रहा है।
वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भेलूपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। भारी भीड़ को देखते हुए ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सके। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मंदिर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रशासन की सख्ती और सतर्कता के बीच श्रद्धालु शांतिपूर्वक दर्शन कर रहे हैं, और पूरा वाराणसी भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आ रहा है।





