
- रिपोर्ट: अमित कुमार
Ayodhya. थाना तारुन क्षेत्र में बुजुर्ग दंपत्ति के साथ तमंचा सटाकर चेन लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल, 12 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक 27 अगस्त को तारुन थाना क्षेत्र में बुजुर्ग दंपत्ति के साथ तमंचा सटाकर चेन लूट की घटना हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सर्विलांस, सीडीआर, बीटीएस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया गया।

पुलिस ने मोहित वर्मा पुत्र ललखन वर्मा, निवासी ग्राम कोल्हमपुर विसेन, थाना नवाबगंज, गोंडा तथा अमर निषाद उर्फ डमरू पुत्र आशाराम निषाद, निवासी ग्राम दुल्लापुर, थाना नवाबगंज, गोंडा को गिरफ्तार किया है। दोनों को विधिक कार्रवाई के बाद जेल भेजा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार वारदात में शामिल तीसरा आरोपी राम बाबू निषाद पुत्र चन्द्रबली, निवासी ग्राम मल्हान का पुरवा, दुल्लापुर, थाना नवाबगंज, गोंडा फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।
यह कार्रवाई एसएसपी अयोध्या डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देशन में थाना तारुन पुलिस टीम ने की।




