
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
भिंड (मध्य प्रदेश): जिले में किसानों को खाद न मिलने से नाराज़ बीजेपी विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाहा ने बुधवार को कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के आवास के बाहर धरना दिया।
धरने के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब कलेक्टर और विधायक के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि बातचीत के दौरान कलेक्टर ने उंगली उठाई, जिस पर विधायक कुशवाहा भड़क उठे और मुक्का तानने की कोशिश की।
वहीं मौके पर मौजूद विधायक समर्थकों ने कलेक्टर के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की और “कलेक्टर चोर है” जैसे नारे लगाए।
इस घटनाक्रम से प्रशासन और सियासी गलियारों में हलचल मच गई है। बताया जा रहा है कि विधायक किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर थे और उन्होंने पहले भी प्रशासन को कई बार खाद संकट की जानकारी दी थी।
फिलहाल, जिला प्रशासन की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।





