
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
बरेली: बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के परिवार के घर पर हुई सनसनीखेज फायरिंग के मामले में उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी सफलता मिली है। नोएडा STF यूनिट और दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने बुधवार को गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी इलाके में दोनों मुख्य शूटरों को एनकाउंटर में मार गिराया। मारे गए शूटरों की पहचान रविंद्र उर्फ कल्लू (रोहतक, हरियाणा) और अरुण (सोनीपत, हरियाणा) के रूप में हुई है। दोनों कुख्यात गोल्डी बरार और रोहित गोदारा गैंग के सक्रिय सदस्य थे।
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 12 सितंबर की तड़के करीब 3:45 बजे बरेली के सिविल लाइंस क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने दिशा पाटनी के घर के बाहर 8-10 राउंड फायरिंग की थी। इससे इलाके में दहशत फैल गई थी। फायरिंग से पहले गैंग ने कई हफ्तों तक घर की रेकी की थी और मोटी रकम वसूलने की साजिश रची थी। जांच में पता चला कि कुल 5 शूटर भेजे गए थे, लेकिन अब तक दो को ही STF ने ढेर किया है। एनकाउंटर के दौरान दोनों शूटरों के पास से ग्लॉक और जिगाना पिस्टल बरामद हुईं।
पुलिस को सुराग 2500 सीसीटीवी फुटेज खंगालने से मिला, जिसमें एक शूटर के लाल जूतों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दिशा पाटनी के पिता जगदीश सिंह पाटनी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की थी और अब शूटरों के ढेर होने पर उन्होंने पुलिस और STF का आभार जताया। उन्होंने कहा, “खौफ खत्म हो रहा है, थैंक्यू योगी जी।” पुलिस ने बाकी फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।




