
- रिपोर्ट: प्राची सिंह
Ayodhya: श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की प्रशासनिक और संचालन व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित करने के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बड़ा फैसला लिया है। ट्रस्ट ने भारतीय वायुसेना के सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का पहला मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है।
नई जिम्मेदारी के तहत जितेंद्र मिश्रा मंदिर की दैनिक प्रशासनिक व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे। सीईओ की नियुक्ति के लिए गठित चयन समिति ने ट्रस्ट के समक्ष तीन नामों का पैनल रखा था। इसमें उत्तर प्रदेश पुलिस के पूर्व आईपीएस अधिकारी राजेश पांडेय, बिहार के पूर्व डीजीपी डॉ. परेश सक्सेना और पूर्व आईएएस दिनेश चंद्र के नाम शामिल थे।
ट्रस्ट ने विचार-विमर्श के बाद एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा के नाम पर अंतिम मुहर लगाई।
चार दशक का सैन्य अनुभव
जितेंद्र मिश्रा ने भारतीय वायुसेना में करीब चार दशक तक विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं। उन्होंने 6 दिसंबर 1986 को फाइटर पायलट के रूप में वायुसेना में कमीशन प्राप्त किया था। सैन्य सेवा के दौरान उन्होंने 18 से अधिक प्रकार के विमानों पर उड़ान भरी और 3,000 घंटे से ज्यादा का उड़ान अनुभव हासिल किया।
वह भारतीय वायुसेना की पश्चिमी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ भी रह चुके हैं। इसके अलावा एकीकृत रक्षा स्टाफ में उप प्रमुख (सिद्धांत, संगठन एवं प्रशिक्षण) समेत कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं।
सुरक्षा और समन्वय का व्यापक अनुभव
एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा के सैन्य करियर में रणनीतिक योजना, संचालन, नेतृत्व और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां रही हैं। पश्चिमी वायु कमान का नेतृत्व करने के दौरान उन्होंने संवेदनशील सुरक्षा परिस्थितियों में भी काम किया।
ऐसे में अयोध्या में राम मंदिर की बढ़ती व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल के लिए उनका अनुभव महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




