
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे शुक्रवार को अपनी पत्नी के साथ अयोध्या पहुंचे और राम मंदिर में रामलला के दर्शन किए। वे राम मंदिर दर्शन करने वाले पहले विदेशी प्रधानमंत्री हैं। अपने चार घंटे के प्रवास के दौरान उन्होंने राम मंदिर, हनुमानगढ़ी और अन्य प्रमुख मंदिरों में दर्शन-पूजन किया।

सुबह अयोध्या पहुंचने पर भूटानी पीएम का स्वागत उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने एयरपोर्ट पर किया। शेरिंग तोबगे ने राम मंदिर परिसर में करीब दो घंटे बिताए, जहां उन्होंने मंदिर के अंतिम चरण में चल रहे निर्माण कार्यों का अवलोकन किया और मंदिर के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

उनके सम्मान में दोपहर भोज का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश के कई मंत्री शामिल हुए। दर्शन-पूजन के बाद शेरिंग तोबगे दोपहर लगभग 1:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुए।

इस दौरे के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, और कई सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर रहीं। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी इस दौरे की बारीकी से निगरानी की।



