
- रिपोर्ट: अमित कुमार
Ayodhya: मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर संभावित कार सेवा की चर्चा के बीच अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद का बयान सामने आया है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से भटकाने का आरोप लगाया।
अवधेश प्रसाद ने कहा कि देश में किसानों को खाद की समस्या, कानून व्यवस्था, बिजली और महंगाई जैसे मुद्दे परेशान कर रहे हैं। उनके मुताबिक, सरकार का इन ज्वलंत समस्याओं के समाधान की ओर कोई ध्यान नहीं है और जनता का ध्यान दूसरे मुद्दों की ओर मोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
केशव मौर्य के बयान पर साधा निशाना
केशव प्रसाद मौर्य के कथित ‘चंदा चोरी’ वाले बयान पर भी अवधेश प्रसाद ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि चंदा चोरी की बात वे लोग न करें, जिन्होंने सरयू के पानी को लाल कर दिया था।
अवधेश प्रसाद ने केशव प्रसाद मौर्य की राजनीतिक हैसियत पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वह अपना चुनाव हार चुके हैं और सरकार में उनकी कोई पूछ नहीं है।
भाजपा पर विकास को लेकर भी हमला
अयोध्या सांसद ने आरोप लगाया कि भाजपा को विकास से कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की बढ़ती ताकत से चिंतित है। पीडीए की राजनीतिक ताकत बढ़ने के साथ भाजपा की परेशानी भी लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों, महंगाई, बिजली और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि यही आम जनता से जुड़े वास्तविक सवाल हैं।




